Spread the love

 

 

 

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान ने जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा को उनकी नाट्य कृति पर ‘मोहन राकेश’ पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। संस्थान के निदेशक सदानंद गुप्त ने शुक्रवार को लखनऊ में हिंदी संस्थान के पुरस्कारों को घोषित करते हुए सूची जारी की। श्री कुशवाहा की पुस्तक ‘ईशा’ को सर्जना पुरस्कार के अंतर्गत ‘मोहन राकेश’ सम्मान के लिए चुना गया है। इस पुरस्कार के लिए निर्धारित 40 हजार रुपये व संस्थान का स्मृति चिन्ह प्रदान किया जायेगा।
ज्ञात हो कि 71 वर्षीय श्री कुशवाहा नगर के बाँकेलाल टंडन की गली, वासलीगंज के निवासी हैं। इनका जन्म स्थान सदर तहसील के अंतर्गत राजपुर ग्राम है। इनकी अब तक कुल रचनात्मक साहित्य की छह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं जिनमें चार कविता संग्रह,एक नाटक ‘ईशा’ और एक कहानी संग्रह ‘लोक डाउन’ शामिल हैं। इनका दोहा संग्रह ‘जन-मन’ छपने लिए तैयार है। इन्होंने हिंदी साहित्य की कई विधाओं में लेखन किया है जिनमें पद्य और गद्य के अंतर्गत कविता,दोहा, गीत, नवगीत, मुक्तक, हाइकू, शेर, गजल,नाटक,कहानी,
लघुकथा शामिल हैं। इन्होंने समीक्षाओं के साथ पुस्तकों की भूमिकाएँ भी लिखी हैं। इन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित मंचों पर काव्यपाठ किया है जिनमें हिंदुस्तानी एकेडमी प्रयागराज, हिंदी साहित्य सम्मेलन,उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र, नेहरू युवा केंद्र आदि प्रमुख हैं। इनकी कविताएँ देश की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही है। आकाशवाणी के इलाहाबाद, बरेली व दिल्ली केंद्रों से इनकी कविताओं का प्रसारण हो चुका है। दूरदर्शन केंद वाराणसी एवं इलाहाबाद ने भी इनकी कविताओं का प्रसारण किया है। श्री कुशवाहा साहित्य लेखन के साथ नाट्य मंच से जुड़े रहे।
इन्होंने इलाहाबाद में कई नाटकों में अभिनय भी किया है। इन्होंने इलाहाबाद में ‘श्रृखला’ व मिर्जापुर में ‘रचना’ संस्था के माध्यम से काव्य जगहट बनाए रखा। इन्होंने तेलुगू,तमिल, बंगला भाषाओं के अध्ययन के साथ प्रयाग संगीत समिति इलाहाबाद से संगीत की शिक्षा भी ग्रहण की है। इन्होंने इलाहाबाद में लीडर प्रेस से छपने वाले ‘भारत’ समाचार पत्र से अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। बाद में सन् 1984 से इलाहाबाद में ‘आज’ दैनिक में लम्बी सेवा करते हुए सन् 2012 में समाचार संपादक के दायित्व सें मुक्त होकर मिर्जापुर को अपना स्थायी निवास बना लिया।
श्री भोलानाथ कुशवाहा को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से ‘मोहन राकेश’ सम्मान मिलने पर जनपद व बाहर के अनेक लोगों ने बधाइयाँ दी हैं। बधाई देने वालों में वृजदेव पांडेय, डॉ रेनूरानी सिंह, वंदना मिश्रा,राजेश राज, प्रमोद कुमार सुमन, आनंद संधिदूत, गणेश गंभीर,जफर मिर्जापुरी,भानु कुमार दुबे मुंतजिर, अरविंद अवस्थी, शुभम श्रीवास्तव ओम,हसन जौनपुरी, ,केदारनाथ सविता,मुहिब मिर्जापुरी, आनंद अमित,डॉ अनुराधा ओस,नंदिनी वर्मा,अधिदर्शक चतुर्वेदी,इंतियाज अहमद गुमनाम,अताउल्लाह सिद्दीकी,इरफान कुरैशी आदि हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.